26 जनवरी व सरस्वती पूजा तैयारी बैठक में पुलिस प्रशासन नदारद, थाना प्रभारियों की गैरहाजिरी पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस, सोहराय पर्व एवं सरस्वती पूजा को लेकर विधि-व्यवस्था की तैयारियों के मद्देनज़र चांडिल में अनुमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विकास राय ने की। बैठक में सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में झंडोत्तोलन का समय तय किया गया, लेकिन बैठक से अधिक चर्चा का विषय पुलिस प्रशासन की अनुपस्थिति को लेकर रही ।
झंडोत्तोलन का समय निर्धारित
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
अनुमंडल पदाधिकारी आवास – सुबह 8.30 बजे
एसडीपीओ कार्यालय – सुबह 8.45 बजे
एसडीएम कार्यालय – सुबह 9.00 बजे
बार एसोसिएशन – सुबह 9.15 बजे
चांडिल थाना – सुबह 9.30 बजे
मुख्य समारोह, कटिया मैदान – सुबह 10.15 बजे
कटिया मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा। इस अवसर पर परेड की सलामी ली जाएगी तथा एसडीपीओ समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सोहराय व सरस्वती पूजा को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में सोहराय पर्व एवं सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने पर विशेष चर्चा हुई। एसडीओ विकास राय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरस्वती पूजा की प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित रूट से ही कराया जाए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया। गौरतलब है कि मकर संक्रांति पर टुसू पर्व ओर सरस्वती पूजा नजदीक होने के कारण विधिव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहेगी , क्योंकि संस्कृतिक मेले के नाम पर मुर्गा पाड़ा आयोजित किए जाते है , जिसमे अभी हाल मे ही हारूडीह मुर्गा पाड़ा में गोली चलने से विजय तिर्की नामक अपराधी की हत्या का मामला सामने आया है, पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हुई थीं, सांस्कृतिक मुर्गा पाड़ा की पहचान अब जुआ ओर सट्टा का खेला बन गया है जिसमें अनधिकृत रूप से मेला संचालक कमिटी द्वारा लगाया जाता है.जिसमे लाखों रुपए की वारे न्यारे होते है . मेला देखने आए गरीब गुरबा जेब खाली करके घर लौटते है
जिनके जिम्मे विधिव्यवस्था वही थाना प्रभारियों की बैठक में गैरहाजिरी बना बड़ा सवाल
बैठक में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शांति व्यवस्था की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संभालने वाले थाना प्रभारी ही बैठक से गायब रहे। एक भी थाना प्रभारी की मौजूदगी नहीं होने पर बैठक में सवाल उठे और ये गंभीर प्रशासनिक अनुशासनहीनता को दर्शाता है ।
चांडिल अनुमंडल अंतर्गत 5 थानों 1 कपाली ओपी ईचागढ़, चौका, नीमडीह, तिरुलडीह एवं चांडिल थाना सहित कपाली ओपी संचालित हैं। इनमें से केवल चांडिल थाना से एक एसआई प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बाकी सभी थाना प्रभारी नदारद पाए गए।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नीमडीह अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अभिनव, चांडिल प्रखंड विकास पदाधिकारी तुलेश्वर रविदास, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता सहित विभिन्न विभागों और कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

