मर्सी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तामल देव का निधन, 10 जनवरी को ओपीडी बंद रहेगा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मर्सी अस्पताल से लंबे समय से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सक मरीज का मसीहा डॉ. तामल देव का लंबी बीमारी के बाद मर्सी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है। वर्ष 1983 में मर्सी अस्पताल से जुड़ने वाले डॉ. देव ने 42 वर्षों तक निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा की।
मरीजों के बीच उनका विश्वास और सम्मान इतना गहरा था कि हर कोई चाहता था कि इलाज के लिए डॉ. तामल देव स्वयं आकर देखें। कोल्हान के दूर-दराज क्षेत्रों से भी लोग मर्सी अस्पताल में इलाज कराने आते हैं और डॉ. देव की यह कोशिश रहती थी कि अस्पताल में भर्ती हर मरीज को वे स्वयं देखें।
अपने पीछे वे पत्नी, बड़े भाई, भाभी और भतीजे को छोड़ गए हैं।
डॉ. देव के निधन पर मर्सी अस्पताल प्रबंधन ने शोक स्वरूप 10 जनवरी को ओपीडी बंद रखने का निर्णय लिया है।
अस्पताल परिसर में सिस्टर और चिकित्सकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रशासक सिस्टर जेसी सहित पूरे अस्पताल परिवार ने एक स्वर में कहा कि डॉ. तामल देव के रूप में अस्पताल ने अपना अभिभावक खोया । वे मरीजों के लिए भगवान समान थे।
डॉ. तामल देव की सेवाएं और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेंगे।

