टेल्को थीम पार्क में नशे के दौरान दो युवकों पर जानलेवा हमला, एक गंभीर घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टेल्को थाना अंतर्गत थीम पार्क में नशा करने के दौरान दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में जुगसलाई मिल्लतनगर निवासी अब्दुल सुफियान और उसका साथी सोहेल अहमद घायल हो गए। हमले के बाद अब्दुल किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, जबकि सोहेल घायल अवस्था में मौके पर ही पड़ा रह गया।
अब्दुल के अनुसार सोहेल ने उसे फोन कर बाइक लेकर बुलाया था। दोनों थीम पार्क पहुंचे, जहां सोहेल का साथी विनीत समेत कुछ अन्य युवक मौजूद थे और नशा किया जा रहा था। इसी दौरान विनीत ने धारदार हथियार से सोहेल पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर अब्दुल पर भी हमला किया गया। अब्दुल पैदल ही टेल्को पहुंचा और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके सिर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक सोहेल की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

