बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में जमशेदपुर में उबाल, सोनारी से एयरपोर्ट तक निकाला गया मशाल जुलूस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बांग्लादेश में पिछले दो वर्षों से हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर जमशेदपुर में भी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद, पूर्व सैनिक परिषद सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने एकजुट होकर बांग्लादेश के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान संगठनों ने झारखंड में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें बांग्लादेश भेजने की मांग उठाई। प्रदर्शन की खास बात यह रही कि इस आक्रोश प्रदर्शन में जमशेदपुर की महिला संगठनों के साथ-साथ किन्नर समाज के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने सोनारी के कागलनगर बाजार से लेकर सोनारी एयरपोर्ट तक मशाल जुलूस निकाला और बांग्लादेश में हो रही घटनाओं के खिलाफ नारेबाजी की। सभी संगठनों ने एक स्वर में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की निंदा की और केंद्र एवं राज्य सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
हिंदू संगठनों ने स्पष्ट रूप से कहा कि झारखंड में काम कर रहे बांग्लादेशी मजदूरों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजा जाए, ताकि राज्य की जनसांख्यिकी और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

