मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 1910 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले— निष्ठा और सेवा भावना से राज्य को आगे बढ़ाएं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची।मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने जेएसएससी द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा–2023 (सीजीएल) के माध्यम से चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर नव वर्ष का बड़ा उपहार दिया। मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस संघर्ष और मेहनत से आपने यह मुकाम हासिल किया है, उसी तरह पूरी निष्ठा, लगन, सेवा भावना और बेहतर कार्यशैली के साथ राज्य के विकास में योगदान दें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का हर नौजवान अपने पैरों पर खड़ा हो। इसी सोच के साथ नियुक्तियों का सिलसिला निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष में 10 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, दलित, महिला और नौजवान—हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, सरकारी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी ठोस कदम उठाए गए हैं, ताकि नौकरी के साथ सुरक्षा का भरोसा भी मिले।
इस अवसर पर कई नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव सहित कई वरीय अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

