जामताड़ा में ज्वेलर्स पर हमले व चोरी से बढ़ी चिंता, एसपी के निर्देश पर कुंडहित पुलिस ने बढ़ाई चौकसी
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: बीते दिनों जामताड़ा जिले में हुई आपराधिक घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया है। जामताड़ा शहर में एक ज्वेलर्स दुकान में हुई गोलीबारी की घटना से जहां दहशत का माहौल बन गया, वहीं मीहीजाम में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद ज्वेलरी व्यवसायियों में भय और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता के निर्देश पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा रहा है। इसी क्रम में कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने अपने दल-बल के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी ज्वेलरी दुकानों में हर हाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उन्हें नियमित रूप से चालू रखा जाए। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे अपराधियों पर नजर रखने के साथ-साथ किसी भी वारदात के बाद जांच में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही दुकानदारों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है।

