पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस ने धूमधाम से मनाया 140वां स्थापना दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने पार्टी का चरखा छाप ध्वज फहराया। कांग्रेसजनों ने वंदे मातरम्, ध्वज गीत एवं राष्ट्रगान गाकर स्थापना दिवस का जश्न मनाया।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस के 140 वर्षों के संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका, संविधान निर्माण, राष्ट्र निर्माण और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र, समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी है।
स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ज्योति सिंह मथारू की उपस्थिति में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को उत्कृष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही कई युवा कांग्रेस नेताओं को गांधी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं प्रबंधन संजय सिंह आजाद एवं ब्रजेन्द्र तिवारी ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता एवं सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए, जिससे पूरा आयोजन ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बन गया

