मवि कढ़ैया के शिक्षक वृन्दावन महतो के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई समारोह आयोजित
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: मध्य विद्यालय कढ़ैया, अंचल–गेड़िया (नाला) में शिक्षक वृन्दावन महतो के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर विद्यालय परिवार एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के संयुक्त तत्वावधान में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह विद्यालय परिसर में सादगी एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने श्री महतो के शैक्षणिक जीवन, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री महतो ने अपने लंबे सेवाकाल में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने के साथ-साथ छात्रों के चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सरल स्वभाव और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर प्रखंड संसाधन सेवी नित्यानंद गोरांई, विद्यालय के भूतपूर्व शिक्षक प्रल्हाद चन्द्र राउत एवं अर्पना सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रुपेश कुमार दत्ता ने कहा कि श्री महतो का मार्गदर्शन विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक किशोर कुमार यादव, कांचन कुमार यादव, विष्णु प्रसाद यादव, एसएमसी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अभिभावकगण उपस्थित रहे। अंत में सभी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

