सिंदूरकुनिया–साकजोरिया छोटी नदी पर पुल का शिलान्यास किया विधानसभा अध्यक्ष
राष्ट्र संवाद सं
नाला प्रखंड के लिए आज का दिन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के अंतर्गत सिंदूरकुनिया–साकजोरिया मार्ग पर छोटी नदी पर बनने वाले उच्चस्तरीय पुल का शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह पुल केवल एक भौतिक संरचना नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास का सशक्त माध्यम बनेगा। पुल के निर्माण से सिंदूरकुनिया, साकजोरिया सहित आसपास के कई गांवों का सीधा संपर्क मुख्य सड़क से स्थापित होगा। बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी और स्कूली बच्चों, मरीजों तथा किसानों के लिए रास्ता सुगम होगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस पुल के माध्यम से पश्चिम बंगाल की ओर आवाजाही और भी तेज़ व आसान हो जाएगी, जिससे व्यापार, रोजगार और आपसी संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों में इस परियोजना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
यह परियोजना नाला प्रखंड में विकास, सुविधा और समृद्धि की नई इबारत लिखेगी तथा सरकार की ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से दर्शाती है।

