स्वर्णरेखा नदी से अज्ञात महिला का शव बरामद,
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के कान्दरबेड़ा अंतर्गत गीतिलबेड़ा गांव के पास स्वर्णरेखा नदी किनारे एक अज्ञात महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। ग्रामीणों ने नदी में शव तैरते देखा, जिसके बाद चांडिल थाना को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को नदी से निकलवाकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि घटना दुर्घटनावश हुई है या किसी अन्य कारण से।
मृतका की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया गया है।
