एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति होंगी शामिल, प्रशासन ने तेज की तैयारियां
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला:आगामी 29 दिसंबर को एनआईटी जमशेदपुर में आयोजित 15वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जियाडा सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रपति के रूट लाइन, ड्यूटी निर्धारण और एनआईटी प्रबंधन के साथ समन्वय पर चर्चा की गई। प्रशासन द्वारा रूट मैप भी तैयार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक के बाद डीसी और एसपी सहित सभी अधिकारियों ने एनआईटी परिसर का निरीक्षण कर मौके पर तैयारियों की समीक्षा की।

