वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय वर्मन बने ‘राष्ट्र संवाद’ के कोल्हान प्रभारी
अनुभव की ताकत और नई ऊर्जा के साथ कोल्हान में विस्तार की ओर ‘राष्ट्र संवाद’
जमशेदपुर। विश्वसनीय, निर्भीक और जनसरोकार की पत्रकारिता को और मजबूती प्रदान करने की दिशा में ‘राष्ट्र संवाद’ ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय वर्मन ने संस्थान के आग्रह को स्वीकार करते हुए ‘राष्ट्र संवाद’ परिवार से जुड़ने की सहमति दी है। उन्हें संस्थान का कोल्हान प्रभारी बनाया गया है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे अनुभव और अपनी अलग पहचान रखने वाले मृत्युंजय वर्मन के ‘राष्ट्र संवाद’ से जुड़ने को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सक्रिय नेतृत्व से कोल्हान क्षेत्र में ‘राष्ट्र संवाद’ की गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
‘राष्ट्र संवाद’ परिवार का मानना है कि किसी भी संस्थान की असली ताकत उसकी इमारत या संसाधन नहीं, बल्कि उससे जुड़े अनुभवी और समर्पित लोगों का विश्वास होता है। मृत्युंजय वर्मन का साथ मिलना इसी विश्वास को और मजबूत करता है।
उनके जुड़ने से कोल्हान क्षेत्र में जनहित के मुद्दों, सामाजिक सरोकारों और आम लोगों की आवाज को और मजबूती के साथ सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में काम होगा।
‘राष्ट्र संवाद’ परिवार को आशा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास है कि मृत्युंजय वर्मन के अनुभव और मार्गदर्शन में कोल्हान में संस्थान बेहतरीन प्रदर्शन करेगा। उनका अनुभव नई पीढ़ी के पत्रकारों और सहयोगियों के लिए भी मार्गदर्शक साबित होगा।
इस अवसर पर ‘राष्ट्र संवाद’ परिवार ने मृत्युंजय वर्मन का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि उनका जुड़ना संस्थान के लिए केवल एक नई जिम्मेदारी का आगाज नहीं, बल्कि विश्वास, अनुभव और संकल्प के एक नए अध्याय की शुरुआत है।
*‘राष्ट्र संवाद’ का संकल्प*
खबर वही, जो जनहित में हो; आवाज वही, जो सच के साथ हो।

