सबर बच्चों को लेकर छपी खबर पर जिला प्रशासन की सफाई, स्वेटर वितरण व नामांकन की पुष्टि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में “धूप के भरोसे जिंदगी; ठंड में नंग-धड़ंग कांपते सबर बच्चे, सरकारी दावों की खुली पोल” शीर्षक से प्रकाशित खबर के संबंध में जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। जिला प्रशासन का कहना है कि उक्त खबर में जिन सबर बच्चों का जिक्र किया गया है, वे सिंहपुरा पंचायत के माकड़ी और धादकीडीह टोला के निवासी हैं और संबंधित आंगनबाड़ी व विद्यालयों में नामांकित हैं।
प्रशासन के अनुसार धादकीडीह और माकड़ी टोला के सबर बच्चे संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित हैं। राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में निर्धारित समयावधि के भीतर बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण किया गया है तथा बच्चे नियमित रूप से स्वेटर पहनकर आंगनबाड़ी केंद्र जाते हैं।
वहीं सबर टोला के अन्य बड़े बच्चे अर्जुनबेड़ा स्थित सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत हैं। विद्यालय जाने वाले बच्चों के बीच भी स्वेटर का वितरण किया गया है और सभी बच्चे नियमित रूप से स्वेटर पहनकर स्कूल जाते हैं। इसके साथ ही सबर टोला के अभिभावकों की काउंसिलिंग भी की जा रही है, ताकि वे ठंड के मौसम में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और ऊनी वस्त्रों के उपयोग पर विशेष ध्यान दें।
यह समाचार जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई आधिकारिक सफाई पर आधारित है। यह “राष्ट्र संवाद” समाचार पत्र की खबर नहीं है, बल्कि जिला प्रशासन का पक्ष स्पष्ट करने के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है।

