जमशेदपुर: बागबेड़ा पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार, अवैध हथियार और चापड़ बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बागबेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां पुलिस ने अपराध की योजना बनाते तीन अपराधियों को बागबेड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार और धारदार चापड़ बरामद किया गया है.
सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 15 दिसंबर की संध्या बागबेड़ा थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग संजय नगर नाला के पास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने मोहम्मद वाजिद, मोहम्मद राज और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया. तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा गोली और एक लोहे का धारदार चापड़ बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

