रक्तदान शिविर में शामिल अधिकारियों और कर्मियों को प्रमाण पत्र वितरित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में समाहरणालय परिसर एवं सदर अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल अधिकारियों व कर्मियों के बीच समाहरणालय सभागार में प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे कई जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। उपायुक्त ने बताया कि रक्तदान से स्वास्थ्य पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता और यह समाज के लिए अत्यंत उपयोगी कार्य है। कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन सहित अन्य पदाधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

