सांसद कालीचरण सिंह ने दुम्बी स्थित राजकीय मध्य विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद कालीचरण सिंह ने सदर प्रखंड अंतर्गत चतरा क्षेत्र के दुम्बी स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं तथा बच्चों के अध्ययन-अध्यापन की स्थिति का गहन जायजा लिया। सांसद सिंह ने कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली और शिक्षकों से शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के क्रम में विद्यालय में मौजूद आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन करते हुए सांसद ने आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

