स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025 हेतु जामताड़ा में जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025 के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने की। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में पेयजल, स्वच्छता और व्यवहार परिवर्तन संबंधी बेहतर कार्यों को पहचान देना है। जिले के 1123 विद्यालयों में से 1003 विद्यालयों ने ऑनलाइन मूल्यांकन प्रक्रिया में भाग लिया।
प्रखंड स्तरीय समिति से प्राप्त 40 विद्यालयों की सूची में 36 ग्रामीण और 4 शहरी क्षेत्र के विद्यालय शामिल थे। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के किसी भी प्राथमिक विद्यालय को 5 स्टार श्रेणी न मिलने पर नाराजगी जताई और कुंडहित प्रखंड के कमजोर प्रदर्शन पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने एडीपीओ के विरुद्ध विभाग को पत्र भेजने तथा आवासीय विद्यालयों में निर्धारित मानकों के खराब प्रदर्शन पर वार्डनों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने पुनर्मूल्यांकन और 5 स्टार मिलने तक वेतन रोकने का आदेश भी दिया।
समिति ने कुल 10 विद्यालयों को राज्य स्तर के लिए चयनित किया। इसमें शहरी क्षेत्र से प्राथमिक विद्यालय अमोई और उत्क्रमित मध्य विद्यालय हल्दुकनाली शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र से प्राथमिक, एलिमेंट्री और सेकेंडरी कैटेगरी के आठ विद्यालयों का चयन किया गया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ, एपीओ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

