जामताड़ा में कृषि, आत्मा एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक; कृषक योजनाओं में पारदर्शिता व गति पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में कृषि, आत्मा एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी बीज वितरण, कृषि ऋण माफी योजना, बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला, फसल सुरक्षा कार्यक्रम, मिट्टी जांच, उर्वरक उपलब्धता, गोदाम निर्माण, सौर ऊर्जा आधारित मिनी कोल्ड रूम, फसल बीमा योजना तथा आगामी कृषि मेला सहित कई बिंदुओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
साइक्लोन मोंथा के कारण जिले में हुए फसल नुकसान पर गंभीर चिंता जताते हुए बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को शीघ्र कार्रवाई कर किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके लिए कृषि एवं सहकारिता विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
कृषक पाठशाला के संचालन में प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई। दोनों पाठशालाओं का संचालन कर रहे एनजीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया, वहीं जीवन ज्योति केंद्र को कार्य में लापरवाही, अनाधिकृत व्यक्ति को भेजने और किसी भी बिंदु पर संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने के कारण डिबार करने हेतु प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया। दूसरे एनजीओ को प्रशिक्षण की पूर्ण वीडियोग्राफी और प्रमाणित ट्रेनर लगाने का निर्देश दिया गया।
अंत में, कृषि/आत्मा के अंतर्गत संचालित योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने तथा व्यय बढ़ाने को कहा गया। Malancha क्षेत्र में कृषि मेला आयोजित करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए।

