फर्जी एडमिशन से आदिवासी–दलित विद्यार्थियों के अधिकारों का हनन: अमित अग्रवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भाजयुमो प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में मेडिकल एडमिशन से जुड़ा एक बड़ा और संगठित घोटाला उजागर हुआ है। ST व SC कोटे में झारखंड से बाहर के विद्यार्थियों को फर्जी आवासीय प्रमाणपत्र बनवाकर दाखिला दिलाया जाना अत्यंत गंभीर अपराध है।
अग्रवाल ने बताया कि इसका सबसे चौंकाने वाला उदाहरण यह है कि दिल्ली की एक छात्रा को दिल्ली निवासी होने के बावजूद गिरिडीह निवासी दिखाकर MGM मेडिकल कॉलेज में ST श्रेणी के तहत प्रवेश दिलाया गया। यह घटना साबित करती है कि इस पूरे खेल में एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था और राज्य सरकार ने इस गोरखधंधे को जानबूझकर पनपने दिया।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सैकड़ों फर्जी एडमिशन कराए गए हैं, जिससे झारखंड के हकदार आदिवासी एवं दलित विद्यार्थियों के अधिकारों का खुला हनन हुआ है। यह न केवल आरक्षण व्यवस्था से खिलवाड़ है, बल्कि युवाओं के भविष्य पर सीधा प्रहार भी है।
अमित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा “यह सिर्फ अनियमितता नहीं, बल्कि एक बड़ा घोटाला है। सरकार की शह पर बाहरी छात्रों को लाभ पहुँचाने के लिए पूरे सिस्टम को भ्रष्ट कर दिया गया है। भाजपा इस गंभीर प्रकरण की CBI जाँच की मांग करती है, ताकि सत्य सामने आए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।”

