सांसद खेल महोत्सव में बैडमिंटन प्रतियोगिता का हुआ समापन
उभरते खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन, सांसद विद्युत महतो ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर स्थित मोहन आहूजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत बैडमिंटन प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में उत्साह, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना देखने को मिली। रविवार को आयोजित समापन समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत महतो ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी आज विजेता बने हैं, उनसे पूरे क्षेत्र को उम्मीद है कि वे आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर और झारखंड का नाम देशभर में रोशन करेंगे।
सांसद विद्युत महतो ने उन प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित किया जो इस बार विजयी नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। जो आज सफल नहीं हुए हैं, वे अपने खेल में निरंतर सुधार करें। मेहनत और लगन से ही प्रतिभा निखरती है और आप सभी में उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने की क्षमता मौजूद है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत दुनिया के खेल मंच पर शीर्ष पर पहुंचे, यह विकसित भारत का अनिवार्य संकल्प है। पीएम नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत खेल जगत में नई ऊँचाइयों को छुए। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन उसी दिशा में मजबूत कदम हैं, जो युवाओं को अवसर और मंच प्रदान करते हैं।

