जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, शादी के गहने समेत नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीचएरिया रोड नंबर-5 में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। स्थानीय निवासी बासु के घर में दिनदहाड़े घुसे चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात और नगद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना तब हुई जब बासु सुबह करीब 11बजे अपने बड़े पापा, जो रामनगर में रहते हैं, उनसे मिलने गए हुए थे।
, बासु जब कुछ ही देर बाद अपने घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पड़ा है। अंदर जाकर पता चला कि चार दरवाजों के ताले तोड़े गए हैं, और घर के कमरों में रखी दोनों अलमारियों के लॉकर को भी तोड़कर खोल लिया गया है।
बासु ने बताया कि हाल ही में घर में शादी हुई थी, जिसके चलते घर में भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने रखे हुए थे। चोरों ने मौका पाकर शादी के सभी गहने, नकद राशि और अन्य कीमती सामान समेट लिया। चोरी गई संपत्ति का अनुमान लगभग 10 से 15 लाख रुपए लगाया जा रहा है।
घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। सुबह से ही परिवार के कुछ सदस्य बाहर गए थे, जबकि बासु खुद अपने बड़े पापा से मिलने गए थे। दोपहर तक घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार शाम को वापस लौटा तो उन्हें पूरे घर में बिखरी हुई चीजें और टूटी अलमारियाँ दिखीं।
सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चोरों ने पहले रिकी की होगी और परिवार के बाहर जाने के समय का पूरा अंदाज़ा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

