हड़िया पीने को लेकर हुए विवाद में पारा शिक्षक की निर्मम हत्या, बीहड़ के जंगल से 3 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तालाश जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता – अमन ओझा
चाईबासा स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनापानी बाजार टांड़ में शनिवार को दोपहर एक पारा शिक्षक के निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान मुकुरु देवगम उम्र करीब 50 वर्ष पूरना चाईबासा निवासी बारी पोखरी के रूप में की गई है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही जगन्नाथपुर एसडीपीओ के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हत्या के बाद आरोपी बीहड़ के जंगलों में छुपे हुए थे। पुलिस की तकनीकी शाखा की सहायता से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई और 30 नवंबर को ग्राम केजरा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रशासन द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपियों को स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना के समय पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हडिया एवं राशि पीने को लेकर विवाद होने के बाद हत्या करने की बात भी स्वीकार की है। टोंटो थाना पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

