जामताड़ा पुलिस ने 210 पेटी नकली विदेशी शराब जब्त की, चार गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जामताड़ा पुलिस ने गोविन्दपुर–साहेबगंज मुख्य मार्ग पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाई जा रही नकली विदेशी शराब की भारी खेप जब्त की और चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई नारायणपुर थाना कांड संख्या 132/25 (01.12.2025) के तहत BNS 2023 की विभिन्न धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) व 47(d) में की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने पाण्डेयडीह मोड़ के पास रात करीब 10 बजे DCM गाड़ी संख्या WB-51C-5752 को रोका, जिसमें कुरकुरे की बोरियों के पीछे छिपाकर ROYAL STAGE ब्रांड की 210 पेटी नकली शराब और 78 गैलन स्पिरिट लदा हुआ मिला। साथ ही स्कॉर्ट कर रही Hyundai Aura (JH09-AW-1734) से 8 पेटी और Swift (JH10-DC-4782) से 7 पेटी नकली शराब बरामद की गई। जब्त शराब का मूल्य 15,95,400 रुपये आंका गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दारा सिंह, चन्दर मंडल, मो. रहीम अंसारी और संतोष पासवान शामिल हैं। पुलिस ने तीन वाहन, 5400 बोतल शराब, 3120 लीटर स्पिरिट, 50 बोरी सामग्री, 7 मोबाइल, दस्तावेज और 33,000 रुपये नकद भी जब्त किए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

