सेवानिवृत्त शिक्षक रामचन्द्र सिंह को भावपूर्ण विदाई, शिक्षा-जगत में दीर्घ सेवाओं के लिए सम्मानित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: शिक्षक का कार्य केवल सरकारी सेवा निभाना नहीं, बल्कि जीवनभर का त्याग, तपस्या और समर्पण है।” यह बातें अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महासचिव हरि प्रसाद राम ने प्राथमिक विद्यालय, पिपराटांड, मिहिजाम के सेवानिवृत्त शिक्षक रामचन्द्र सिंह के सेवानिवृत्ति सह सम्मान समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों को भावी पीढ़ी को सौंपकर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए वे सदैव आदरणीय रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अजप्टा के प्रदेश उपाध्यक्ष बाल्मीकि कुमार ने भी रामचन्द्र सिंह के स्वच्छ चरित्र, कर्त्तव्यनिष्ठा, समयपालन और समर्पण की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि “वे अपने पूरे सेवा काल में एक आदर्श शिक्षक के रूप में याद किए जाएंगे।”
विशिष्ट अतिथि महेश्वर घोष ने उन्हें एक उत्कृष्ट शिक्षक के साथ-साथ प्रभावी संगठनकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि मिहिजाम अंचल सचिव के रूप में पिछले तीन वर्षों में उन्होंने शिक्षकों को संगठित किया और निर्भीक वातावरण प्रदान किया।
शिक्षक विद्यासागर ने कहा कि अपने 22 वर्षों के सेवाकाल में रामचन्द्र सिंह ने कभी कोताही नहीं बरती। वे सदैव बच्चों की भलाई के लिए सक्रिय रहे और उनकी कार्यशैली सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
विशिष्ट अतिथि सह सेवानिवृत्त शिक्षक दाउद अंसारी ने कहा कि शिक्षकों के सामने अनेक चुनौतियाँ होती हैं, फिर भी वे छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में कोई कमी नहीं छोड़ते।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक दुर्गेश दुबे ने किया। वहीं जिला संगठन मंत्री द्वारिका राम ने बताया कि अपने विद्यालय के पोषक क्षेत्र में रामचन्द्र सिंह बच्चों, अभिभावकों, प्रबंधन समिति और इलाके के शिक्षकों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहे। उनके अंतिम कार्यदिवस पर पूरे क्षेत्र ने उन्हें भावुक विदाई दी।
कार्यक्रम में हरेकृष्ण सिंह ने सम्मान पत्र वाचन कर शिक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित शिक्षकों–शिक्षिकाओं ने उन्हें उपहार भेंट किए और फूलमालाओं से सम्मानित किया।
समारोह में राकेश कान्त रौशन, विजय कुमार, राजेश सिन्हा, मुकेश कुमार, अमरनाथ दास, संजय कुमार, जितेन्द्र भगत, एस.एम. इमाम, चन्द्रशेखर सिंह, धर्मवीर भारती, अभिलाष महतो, सर्वेश्वर दर्वे, अशोक कुमार, कल्याणी राय, कविता कुमारी, पुष्पा सिन्हा, रानू टोप्पो, रोसन्ना सोरेन, नूतन चौधरी, अंजलिना तिर्की, रेखा शर्मा, सुरेश चौधरी, प्रीति रविकर, हरेकृष्ण सिंह, विरेन्द्र पाण्डेय, मुकेश शर्मा, मुहिला सोरेन, सीआरपी दीप्ति पाल, प्रभात सिन्हा, अजय कुमार, अकबर अंसारी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

