ईस्ट सिंहभूम में बनेगा मॉडल सोलर विलेज: डीसी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक, 10 गांवों में शुरू होगा 6 माह का चैलेंज पीरियड
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में पीएम–सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत मॉडल सोलर विलेज चयन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज, सीईओ–जिला परिषद नागेंद्र पासवान, विकास शाखा के प्रभारी तथा तीनों विद्युत प्रमंडलों के अभियंता सहित सभी संबंधित बीडीओ मौजूद थे।
योजना के तहत जिले के 7 प्रखंडों के 10 गांवों का चयन किया गया है—पारूलिया, धोबनी, कोकपाड़ा–नरसिंहगढ़, बड़ाजुड़ी, हाड़तोपा, कालिकापुर, मानुषमुड़िया, बड़ा बांगुड़दा, बिडरा और बोड़ाम। इन गांवों में 6 माह का चैलेंज पीरियड निर्धारित किया गया है, जिसमें सौर ऊर्जा योजनाओं का प्रचार-प्रसार, स्थापना और गांवों के बीच स्वस्थ प्रतियोगिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
जिस गांव में सबसे अधिक Renewable Energy अधिष्ठापन क्षमता विकसित होगी, उसे ‘मॉडल सोलर विलेज’ घोषित किया जाएगा और 1 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि चयनित गांवों में ग्राम सभा कर योजना के लाभ, पात्रता, सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी ग्रामीणों को दें। साथ ही सोलर पैनल, पीएम–कुसुम योजना, सोलर सिंचाई और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं के क्रियान्वयन के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें।
उन्होंने कहा कि गांवों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित कर अधिकाधिक परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि “ग्रीन विलेज, क्लीन विलेज” का लक्ष्य हासिल हो सके।

