टाटा स्टील ने IUCN ग्लोबल स्टैंडर्ड के अनुरूप पहली NbS असेसमेंट पूरी की, सुकिंदा इकोरेस सिल्कवॉर्म को मिला नया जीवन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुंबई, 27 नवंबर। टाटा स्टील फाउंडेशन, केंद्रीय रेशम बोर्ड और CTRTI के सहयोग से चल रहे सुकिंदा इकोरेस संरक्षण प्रोजेक्ट को IUCN इंडिया से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नेचर-बेस्ड सॉल्यूशंस असेसमेंट में 60% स्कोर मिला है। यह स्कोर न्यूनतम 25% मानक से काफी ऊपर है और सभी आठ मानदंडों में परियोजना को “उचित” रेटिंग मिली है।
वन पुनर्स्थापन के जरिये लगभग विलुप्त हो चुकी सुकिंदा इकोरेस ट्राइवोल्टाइन तसर सिल्कवॉर्म प्रजाति को पुनर्जीवित करने में पहल सफल रही है। 26 हेक्टेयर क्षेत्र में अर्जुन व असन के पौधे लगाकर पुनर्स्थापित जंगल तैयार किए गए, जो अब जैव विविधता गलियारों और कार्बन अवशोषण के रूप में कार्य कर रहे हैं।
परियोजना में 200 से अधिक परिवार जुड़े हैं—50 परिवार वृक्षारोपण और 150 परिवार रेशम पालन से आजीविका अर्जित कर रहे हैं। यह पहल SDG-1, SDG-13 और SDG-15 सहित राष्ट्रीय जैव विविधता कार्य योजना के अनुरूप है।
टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे प्रकृति संरक्षण, समुदायिक सशक्तिकरण और सतत आर्थिक मॉडल का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

