बागबेड़ा प्राथमिक विद्यालय के जर्जर कमरों की मरम्मत की मांग, प्रमुख को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित प्राथमिक विद्यालय के जर्जर कमरों की मरम्मत की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय के दोनों कमरे लंबे समय से जर्जर हैं और छज्जे से लगातार मलबा गिर रहा है, जिससे बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने शीघ्र मरम्मत कर संभावित दुर्घटना रोकने की मांग की।
प्रमुख पानी सोरेन ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी से पत्राचार और वार्ता कर जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा, सुनील गुप्ता, सुशील कुमार, सोनिया भूमिज, जैस्मिन गुड़िया तथा वार्ड सदस्य उमेश पांडे उपस्थित थे।

