सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2026 में 112 शिक्षाविद सम्मानित, छह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सोना देवी यूनिवर्सिटी और स्काईवे करियर हब के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बिष्टुपुर स्थित द एल्कोर होटल में सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कुल 112 शिक्षाविदों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से छह प्रतिष्ठित शिक्षाविदों—डॉ. हरि बल्लभ सिंह आरसी, श्रीमती शोभा गनेरीवाल, डॉ. गीता नायर, श्रीमती आशु तिवारी, श्री संतोष सिंह तथा श्री कुंदन कुमार सिंह—को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 18 विजनरी प्रिंसिपल अवार्ड, 14 पायनियर इन एजुकेशन अवार्ड, 10 हॉल ऑफ फेम अवार्ड और 64 टीचर्स अवार्ड प्रदान किए गए।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना से हुआ। अक्षर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक गणेश वंदना प्रस्तुत की। सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने स्वागत भाषण देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान की सराहना की।

सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया, जबकि कुलसचिव डॉ. नित नयना ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने कहा कि समाज में शिक्षा का प्रकाश फैलाने वाले गुरुजनों को सम्मानित करने की पहल सोना देवी विश्वविद्यालय ने की है। उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार समारोह का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाएगा और भविष्य में इसे राज्य स्तर का प्रतिष्ठित सम्मान बनाया जाएगा।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के महत्वाकांक्षी स्कूल ऑफ एआई एंड कम्प्यूटिंग की जानकारी विजुअल प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। वहीं, स्काईवे करियर हब ने विश्वविद्यालय की छात्रवृत्ति परीक्षा एसडीयूसैट (SDUSAT) पर वीडियो प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट की ट्रस्टी डॉ. निर्मला शुक्ला, शासी निकाय के सदस्य डॉ. शहनवाज आलम एवं प्रभात शर्मा, सलाहकार समिति के सदस्य रवींद्र नाथ चौबे और राजेश कुमार शुक्ला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जबकि अंत में स्काईवे करियर हब की ओर से फैशन शो का आयोजन भी किया गया।

