पर्यावरण संरक्षण पर ज़ोर, जिला पर्यावरण समिति की बैठक में कई अहम निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने नगर निकाय क्षेत्र में प्रदूषण रोकथाम, समय पर कचरा उठाव तथा उसके सुरक्षित निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट को और बेहतर बनाने तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में नगर क्षेत्र की सड़कों और गलियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ठोस कचरा प्रबंधन व डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अस्पताल, विद्यालय, न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में नो हॉर्न जोन/साइलेंस जोन के साइनेज लगाने को अनिवार्य बताया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

