“तंबाकू फ्री विलेज” के लिए तेज़ होगी मुहिम, जिला तंबाकू नियंत्रण समिति की बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक सह कार्यशाला आयोजित हुई। बैठक में जिले में चल रहे तंबाकू नियंत्रण कार्यों और जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी गांवों को “तंबाकू फ्री विलेज” बनाने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए आदिवासी कर्मयोगी वॉलिंटियर सहित जिला स्तरीय टीमों को सामूहिक रूप से अभियान चलाने को कहा गया।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और स्वास्थ्य संस्थानों में तंबाकू प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

