अवैध खनन पर सख़्त होगी कार्रवाई, खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन और खनिज व्यापार पर रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों द्वारा अवैध कोयला खनन, परिवहन और क्रशर संचालन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष में बालू, पत्थर और स्टोन चिप्स से जुड़े मामलों पर हुई कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा की और इसमें तेजी लाने को कहा।
अवैध बालू उत्खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए दो अलग-अलग टीम बनाकर अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने बताया कि क्वालिटी इश्यू के कारण ईसीएल चितरा से ट्रांसपोर्ट बंद है, ऐसे में अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए चेकपोस्ट बनाने और चिन्हित स्थलों पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बंद खदानों में बने गड्ढों की भराई और माइनिंग क्लोजर प्लान को जल्द तैयार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में 62 मामलों में 77 वाहन जब्त हुए और लगभग 18.72 लाख का जुर्माना वसूला गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

