परसुडीह फायरिंग कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद — जावेद की हत्या की रच रहे थे साजिश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र में फायरिंग कांड से जुड़े तीन आरोपियों को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मालूम हो कि 14 नवंबर 2025 को जावेद खान और उसकी पत्नी हीना के बीच विवाद के बाद हीना पर आरोप है कि उसने अपने बॉयफ्रेंड लेधा और अन्य साथियों को बुलाकर जावेद पर जानलेवा फायरिंग कराई। इस मामले में परसुडीह थाना कांड संख्या 147/25, दिनांक 15.11.2025 के तहत विभिन्न धाराओं एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
लगातार छापेमारी के दौरान 20 नवंबर को सूचना मिली कि आरोपी बिट्टू, शाहबाज उर्फ भोंदु और राहुल कुमार खासमहल स्थित मुरूम मैदान, किताडीह गाड़ीवान पट्टी में छिपे हैं और हीना के कहने पर जावेद की हत्या की नई साजिश रच रहे हैं। सूचना पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन कर सशस्त्र बलों के साथ कार्रवाई की गई। तीनों को मौके से दबोच लिया गया, जबकि अन्य साथी फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों से एक सिल्वर लोहे का पिस्टल, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

