शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी का ‘गमछा’ लहराना छाया, गांधी मैदान में गूंजा उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटना। पटना के गांधी मैदान में राजग सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘गमछा’ लहराना पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण बन गया। जैसे ही पीएम मोदी ने भीड़ की ओर गमछा लहराया, करीब तीन लाख लोगों का जनसागर उत्साह से झूम उठा और देर तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने मिथिला के प्रसिद्ध ‘सामा-चकवा’ सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों का मन मोह लिया।
मुख्य मंच के समानांतर दूसरे मंच पर भोजपुरी कलाकार और भाजपा सांसद मनोज तिवारी तथा पवन सिंह ने लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर भीड़ को रोमांचित कर दिया।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ही प्रधानमंत्री ने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया, जिसे लेकर मैदान में भारी उत्साह देखा गया।
गांधी मैदान में विशिष्ट अतिथियों के लिए लिट्टी-चोखा, मठरी और मखाना-खीर सहित बिहार के पारंपरिक व्यंजनों और विशेष चाय की व्यवस्था की गई थी।
शहरभर में शपथ ग्रहण को लेकर व्यापक सजावट की गई। बेली रोड सहित कई मुख्य रास्तों पर पीएम मोदी, अमित शाह, नीतीश कुमार और राजग नेताओं के बड़े-बड़े कटआउट व पोस्टर लगाए गए थे, जिससे पूरा पटना स्वागत के रंग में रंगा नजर आया।

