टाटानगर रेल थाना की नई प्रभारी बनीं तरुणा मिश्रा, कहा—यात्रियों की सुरक्षा और सेवा होगी पहली प्राथमिकता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटानगर राजकीय रेल थाना प्रभारी के रूप में तरुणा मिश्रा ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेल यात्रियों को बेहतर सेवा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने स्वीकार किया कि टाटानगर रेल थाना क्षेत्र में कई चुनौतियां मौजूद हैं, लेकिन सभी पदाधिकारियों के सहयोग और आपसी तालमेल से बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। तरुणा मिश्रा ने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा के साथ अनुपालन करेंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि रेल थाना क्षेत्र में होने वाले अपराधों पर नियंत्रण रखना तथा रेलवे की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा। तरुणा मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि पुलिस टीम के साथ मिलकर वे रेल यात्रियों की सेवा में तत्पर रहेंगी।

