SIT की त्वरित कार्रवाई: बिरसानगर में 10.25 लाख की लूट का खुलासा, अभियुक्त गिरफ्तार रुपया बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर थाना कांड संख्या 93/25, दिनांक 10.11.2025 में दर्ज 10 लाख 25 हजार रुपये और दो मोबाइल लूट कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कांड के वादी पंकज कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय रविंद्र सिंह, निवासी कौशल्या भवन, जोन नंबर 1, बिरसानगर के लिखित आवेदन पर यह मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया था कि उनकी ऑफिस, जोन नंबर 11 स्थित विश्वकर्मा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड से अज्ञात अपराधकर्मियों ने हथियार के बल पर नकदी और मोबाइल लूट लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन किया। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर अभियुक्तों की पहचान स्थापित की गई।
टीम की त्वरित कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त अजीत बेहरा, पिता किस्मा बेहरा, निवासी लोको, थाना परसुडीह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले तीन महीने से विश्वकर्मा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड में बिल्डर का काम कर रहा था और हर महीने की 10 तारीख को मजदूरों को वेतन भुगतान किया जाता है। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने साथियों अजय सिंह उर्फ मोटा (हरियाणा निवासी, वर्तमान सरायकेला), सूरज कारवां (पिता मोहन कारवां, निवासी लोको) और बाबू सरदार उर्फ नीपू (पिता स्वर्गीय रमेश सरदार, निवासी लोको) के साथ लूट की योजना बनाई।
अपराधकर्मियों ने लूट की राशि को आपस में बांट लिया था। गिरफ्तार अजीत बेहरा की निशानदेही पर लूट के 1,33,000 रुपये बरामद किए गए। वहीं 45,000 रुपये और 78,000 रुपये बाबू सरदार से बरामद किए गए। मोबाइल फोन के बारे में अभियुक्तों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से सिम निकालकर फोन को सुनसान जगह फेंक दिया गया।
अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक सनी वर्धन, बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार, एस आई विष्णु कुमार कमलेश कुमार महतो राम तवाक्य कुमार पांडू सामद प्रेम कुमार मिश्रा शामिल थे मामले के खुलासे के बाद बिरसानगर पुलिस ने राहत की सांस ली वहीं क्षेत्र की जनता का विश्वास भी पुलिस की सक्रियता से बढ़ा है

