मिहिजाम में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर उत्सवपूर्वक कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: मिहिजाम स्थित शिशु विद्या मंदिर में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया तथा तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की संयोजक रीता शर्मा ने बताया कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में इसे उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी इस गीत के गौरव को पुनर्जीवित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि एक ऐसी ऊर्जावान प्रेरणा है जो हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की भावना जागृत करती है। इसका अर्थ “मां की जय” है, और मां की जय के उच्चारण से ही राष्ट्रप्रेम की भावना स्वतः उत्पन्न होती है। इस आयोजन का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को राष्ट्रगीत के महत्व और इसकी ऐतिहासिक गरिमा से अवगत कराना था।

