जमशेदपुर में चोरों का तांडव, पुलिस के लिए बनी चुनौती
भाजपा नेता अप्पा राव के कार्यालय से लगभग 30 हजार रुपये नकद की चोरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में चोरों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि चोरों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। हाल ही में बिरसानगर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, वहीं अब गोलमुरी थाना क्षेत्र के सद्भावना मार्केट में एक और चोरी की घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, सद्भावना मार्केट स्थित भाजपा नेता सह दुकानदार अप्पा राव के कार्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 30 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अप्पा राव ने गोलमुरी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में शहर में हुई कई बड़ी और छोटी चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। बिरसानगर में जहां चोर लाखों के गहने लेकर फरार हो गए, वहीं अब गोलमुरी में हुई चोरी ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन घटनाओं पर लगाम लगाने में कब तक सफल होती है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

