घाटशिला उपचुनाव: झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाडंगी का भाजपा पर तीखा प्रहार
बाबूलाल सोरेन को नहीं है अधिकार कि कुम्हार समाज को एसटी में शामिल करने की बात करें:कुणाल षाडंगी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। उपचुनाव नज़दीक आते ही राजनीतिक हमले तेज़ हो गए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए उसके प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के हालिया बयानों को भ्रामक बताया। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने घाटशिला में आयोजित सभा के दौरान कहा कि बाबूलाल सोरेन को कोई अधिकार नहीं है कि वे कुम्हार समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने की बात करें। यह निर्णय संविधान और सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है, किसी प्रत्याशी की निजी घोषणा से नहीं।
झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा नेता जनता को भ्रमित करने में लगे हैं, जबकि राज्य की हेमंत सरकार विकास के ठोस एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने एनएच-33 अंडरपास पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाया और कहा कि “लोगों की जान से खिलवाड़ हो रहा है, लेकिन भाजपा सरकार और उसके नेता चुप हैं।”
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के मुद्दे पर भी कुणाल षाडंगी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “एक तरफ भाजपा नेता विरोध करते हैं और दूसरी ओर केंद्र सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। जनता इस दोहरे रवैये को भली-भांति समझ चुकी है।”
उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार आने वाले समय में घाटशिला अनुमंडल को जिला का दर्जा देने की दिशा में कदम उठाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “सरकार के चार वर्ष बाकी हैं और इस अवधि में घाटशिला के विकास व प्रशासनिक कामकाज को गति देने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे।”

