मोकामा उपचुनाव में बढ़ी गरमाहटः सूरजभान सिंह ने दी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को खुली चुनौती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मोकामाः मोकामा उपचुनाव में सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। बाहुबली नेता और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को खुली चुनौती दे दी है। मतदाताओं को धमकाने के मंत्री के बयान पर सूरजभान सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके समर्थक किसी की धमकी से डरने वाले नहीं हैं।
मंत्री के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
मोकामा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूरजभान सिंह ने ललन सिंह के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर मतदाता को वोट देने का अधिकार है, और इस अधिकार को कोई भी ताकत छीन नहीं सकती।
नीतीश कुमार के कार्यक्रम पर भी साधा निशाना
सूरजभान सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मोकामा दौरा आखिर रद्द क्यों हुआ — यह मोकामा की जनता जानना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता इस बार धमकी या दबाव में नहीं आएंगे और स्वतंत्र रूप से मतदान करेंगे।
सूरजभान सिंह के इस बयान के बाद मोकामा उपचुनाव का माहौल और अधिक गरम हो गया है।

