घाटशिला उपचुनाव में भाजपा ने साधा जनसंपर्क, भानु प्रताप शाही बोले – “हर गांव-टोला तक विकास की गारंटी भाजपा की”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला:घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने पूरे क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया।
मुसाबनी के धर्मबहाल पंचायत, गोपालपुर और भादुवा पंचायतों में आयोजित पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, विधायक अमित यादव, पूर्व सांसद गीता कोड़ा सहित कई भाजपा नेता उपस्थित रहे।
भानु प्रताप शाही ने कहा कि “घाटशिला के हर गांव और हर टोले तक विकास की रोशनी पहुंचाना भाजपा की गारंटी है। जनता परिवर्तन के मूड में है और भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत तय है।”
विधायक अमित यादव ने कहा कि “हेमंत सोरेन सरकार के झूठे वादों और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। आदिवासी, किसान, युवा और महिलाएं अब भाजपा के साथ हैं।”
वहीं, पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने भादुवा पंचायत में प्रचार के दौरान कहा कि “गांवों में सड़क, पानी और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर कोई प्रगति नहीं हुई है। भाजपा ही स्थिर और जवाबदेह शासन दे सकती है।”
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मज़बूत करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इन सभाओं में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिससे उपचुनाव की सियासी सरगर्मी और तेज हो गई है।

