डीएमसी की अध्यक्षता में बैठक बस्ती एवं स्लम क्षेत्रों में 100% डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर विशेष जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता पर्यवेक्षक (Sanitation Supervisors), ठेकेदार एवं सिटी मैनेजर उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के सभी वार्डों में 100% डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करना, विशेषकर बस्ती एवं स्लम क्षेत्रों को इस व्यवस्था से पूर्ण रूप से जोड़ना था।
उप नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि हर घर, चाहे वह बस्ती क्षेत्र में हो या संगठित कॉलोनी में, से प्रतिदिन गीले और सूखे कचरे का पृथक संग्रहण किया जाए। उन्होंने कहा कि अब कोई भी क्षेत्र इस व्यवस्था से वंचित नहीं रहेगा।
उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों को बस्तियों में विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को स्रोत पर कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने और नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। ठेकेदारों को पर्याप्त वाहनों और सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि बस्ती एवं स्लम क्षेत्रों में GPS आधारित निगरानी और Swachhata App रिपोर्टिंग के माध्यम से कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग की जाएगी। उप नगर आयुक्त ने कहा कि “स्वच्छ जमशेदपुर” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा ताकि हर बस्ती, हर मोहल्ला और हर घर स्वच्छ बने।

