जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर अपराधियों के गिरोह का भंडाफोड़, पाँच गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराटोड़ स्थित जंगल क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने साइबर अपराधियों के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया।
पु०नि०-सह थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के निर्देशन में पु०नि० प्रकाश सेठ, पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता, पु०नि० नितीश कुमार, पु०अ०नि० हीरालाल महतो एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल पाँच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सिराज अंसारी (19), साहबुदीन अंसारी (19), असलम अंसारी (28), तौसिब अंसारी (22) (सभी जामताड़ा जिला निवासी) और मो० समीर (21) (उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले का निवासी) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड और 1 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बैंक कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों के मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाता था, जिससे वे उनके क्रेडिट/डेबिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी करते थे। मुख्य आरोपी असलम अंसारी पूर्व में भी साइबर अपराध में आरोपित रह चुका है।
गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 65/25 दर्ज की गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस इस कार्रवाई को जिले में साइबर अपराध के विरुद्ध एक बड़ी सफलता मान रही है।

