छठ घाट के मरम्मती में प्रशासन को चिंता नहीं लेकिन छठव्रती को टेंशन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। लोक आस्था का महापर्व छठ पर्व शुरू होने में दो ही दिन शेष बचे हैं। 25 अक्टूबर शनिवार से लौकी भात रस्म से छठ पर्व विधिवत रूप से शुरू हो जाएगा। प्रखंड क्षेत्र में छठ पर्व भक्ति भाव से मनाया जाता है। हल्दीपोखर कमल तालाब तथा हाता प्रेमनगर रेलवे पुलिया घाट पर छठव्रती सांध्य व प्रातः कालीन अर्घ देते हैं। दोनों छठ घाट में भक्तों की भीड़ जुटती है। इस वर्ष अत्यधिक बारिश से छठ घाट जाने वाला मार्ग गड्ढे में तब्दील हो गया है। दोनों स्थानों के छठ घाट गंदगी से भरें हैं। मनचले युवक छठ घाटों में शराब पीकर शीशे की खाली बोतल पानी में ही फेंक देते हैं। इस कारण घट घाट में नंगे पैर उतरना खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वर्ष आस्था का महापर्व छठ के पूर्व छठ घाट मार्ग समतलीकरण व घाटों की साफ-सफाई प्रशासन मौन धारण किए हैं। प्रशासन द्वारा अब तक छठ घाटों की सुधी नहीं लिया गया है। पूर्व में प्रशासन के पहल पर सीएसआर के तहत स्थानीय शाह स्पंज एंड पावर लिमिटेड द्वारा रास्ता का समतलीकरण,साफ-सफाई व लाइटिंग कराया जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग किया है कि हल्दीपोखर,हाता सहित अन्य छठ घाट का साफ सफाई व मार्ग समतलीकरण शीघ्र कराया जाए, ताकि व्रतियों व भक्तों को परेशानी नहीं हो।

