टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन 2025 का आगाज़ ‘दिल से दौड़ फॉर जमशेदपुर’ थीम के साथ 10वां संस्करण 30 नवंबर को
मृत्युंजय बर्मन
टाटा स्टील ने अपने प्रतिष्ठित खेल आयोजनों में से एक “टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन 2025” के 10वें संस्करण की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह आयोजन आगामी 30 नवंबर 2025 को आयोजित होगा। बीते एक दशक में यह वार्षिक मैराथन फिटनेस, एकता और सामुदायिक भावना का प्रतीक बन चुकी है।
इस वर्ष मैराथन का थीम “दिल से दौड़ फॉर जमशेदपुर” रखा गया है, जो न केवल फिटनेस को बल्कि खुशी, गर्व और एक साथ आगे बढ़ने की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। आयोजन की औपचारिक घोषणा टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदर रामम की उपस्थिति में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।
पिछले वर्ष इस आयोजन में देश के 18 राज्यों से 4,821 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 5,500 से अधिक धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। वर्ष 2024 में पहली बार शुरू किया गया 21.097 किमी का हाफ मैराथन वर्ग प्रतिभागियों के बीच बेहद लोकप्रिय साबित हुआ था, और इस बार और भी बड़ी भागीदारी की संभावना जताई गई है।
करीब 9.18 लाख रुपये की कुल पुरस्कार राशि के साथ यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है बल्कि शहर की फिटनेस संस्कृति को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास भी है।
टाटा स्टील के उपाध्यक्ष डी. बी. सुंदर रामम ने कहा
“टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन शहर की धड़कन है यह ऊर्जा, गर्व और एकता से भरी दौड़ है। यह केवल जमशेदपुर के गौरव की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के दिल और सेहत की दौड़ है।”
मैराथन के लिए पंजीकरण शुरू हो चुके हैं, और प्रतिभागी www.tatasteelruns.com पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं

