जमशेदपुर में प्रेम प्रसंग में युवक ने की आत्महत्या, प्रेमिका के शादी से इंकार के बाद फंदे से झूल गया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एक दिल दहला देने वाली घटना में बागबेड़ा थाना मोड़ के समीप रहने वाले 23 वर्षीय युवक चींटू कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पेशे से पेट्रोल पंप कर्मचारी था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
चींटू ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कमरे के अंदर से तेज आवाज में गाना बज रहा था। कुछ देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर परिजनों ने जब दरवाजा तोड़ा, तो देखा कि चींटू फंदे से झूल रहा है। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और पहले राजस्थान सेवा सदन अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे एमजीएम अस्पताल भेजने की सलाह दी, लेकिन परिजन टीएमएच (टाटा मेन अस्पताल) लेकर पहुंचे। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई पींटू कुमार ने बताया कि चींटू चार दिन पहले एक लड़की को अपने घर लाया था, जिससे वह शादी करना चाहता था। परिवार के सभी लोग इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए थे। लड़की भी चींटू से प्रेम करती थी और दोनों का रिश्ता पिछले ढाई साल से चल रहा था। लड़की बागबेड़ा के गांधी नगर की रहने वाली थी।
पींटू ने बताया कि लड़की की मां को भी दोनों के रिश्ते की जानकारी थी और वह शुरू में इस रिश्ते के लिए तैयार थी। लेकिन कुछ दिन पहले पड़ोसियों के भड़कावे में आकर लड़की की मां ने अचानक अपनी राय बदल ली और बेटी की शादी कहीं और तय करने की बात कह दी। इसके बाद जब लड़की के घर “लड़के वाले” देखने आए, तो लड़की ने भी चींटू से बात करना बंद कर दिया और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।
इसी बात से परेशान होकर चींटू पिछले कुछ दिनों से गुमसुम रहने लगा था। परिवार वालों ने भी उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ नहीं बताता था। उसने इसी मानसिक तनाव में यह खौफनाक कदम उठा लिया
फिलहाल पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि कहीं घटना के पीछे कोई और कारण तो नहीं।

