झारखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू हो: राजेश कुमार शुक्ल
चाईबासा जिला बार एसोसिएशन ने किया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा, 10 अक्टूबर : चाईबासा जिला बार एसोसिएशन ने झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल का बार भवन में भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने उनके द्वारा वर्षों से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में श्री शुक्ल ने कहा कि झारखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट का शीघ्र लागू होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि अधिवक्ता निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट और धमकी की घटनाएं चिंताजनक हैं।
उन्होंने उड़ीसा के अधिवक्ता पितवास पांडा की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि अब पूरे देश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि श्री शुक्ल झारखंड के अधिवक्ताओं का गौरव हैं और उन्होंने राज्य में अधिवक्ता हित में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
इस अवसर पर झारखंड बार काउंसिल सदस्य अनिल कुमार महतो ने कहा कि श्री शुक्ल के नेतृत्व में राज्य में अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना, युवा अधिवक्ता प्रोत्साहन राशि और आधारभूत संरचना जैसी कई उपलब्धियां मिलीं।
अंत में उपाध्यक्ष परवेज कैसर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे। श्री शुक्ल ने जिला बार पदाधिकारियों संग प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर से भी मुलाकात कर अधिवक्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया।

