आदि कर्मयोगी अभियान को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, 16 अक्टूबर तक सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में “आदि कर्मयोगी अभियान” की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम एक्शन प्लान, पोर्टल से जुड़े कार्यों एवं आदि सेवा केंद्रों की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक चिन्हित ग्राम में कम से कम 10 आदि साथी एवं 10 आदि सहयोगी को नामित कर 16 अक्टूबर तक पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश के एक लाख गांवों में विकास की दिशा तय करेगा, इसलिए इसे मिशन मोड में पूरा किया जाए।
उन्होंने प्रभारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को लापरवाही बरतने पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आदि सेवा केंद्रों में प्रत्येक बुधवार को बैठक करने और पांच प्रकार की पंजी संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों की समस्याएं जैसे – आधार, आयुष्मान कार्ड, जनधन खाता, पीएम किसान आदि दर्ज और समाधानित की जा सकें।
उपायुक्त ने कहा कि ग्राम एक्शन प्लान को तीन श्रेणियों – व्यक्तिगत संपत्ति, सामुदायिक संपत्ति एवं सेवा मांग – के आधार पर तैयार कर आईटीडीए कार्यालय में जमा करें।

