खारंगझार के मोबाइल दुकानदार रॉनी की रहस्यमय मौत, छोटाबांकी डैम के पास मिला शव — जेब से सल्फास बरामद, व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा “अलविदा”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी डैम के पास बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब खारंगझार के मशहूर मोबाइल दुकानदार रॉनी का शव मैदान में पड़ा मिला। शव के पास उसकी स्कूटी भी खड़ी थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि मृतक की जेब से सल्फास की गोली बरामद की गई है, जिससे प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने घटनास्थल की स्थिति को संदिग्ध बताया है और हत्या की भी संभावना से इनकार नहीं किया है।
जांच के दौरान पुलिस को रॉनी के मोबाइल में उसका आखिरी व्हाट्सएप स्टेटस “अलविदा” लिखा मिला, जिसने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। बताया जा रहा है कि रॉनी पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक तनाव में था।
फिलहाल पुलिस ने शव को एमजीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच आत्महत्या और हत्या दोनों कोणों से की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।

