जमशेदपुर में फिर सक्रिय स्नैचर गिरोह, 24 घंटे में दो वारदात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में एक बार फिर स्नैचर गिरोह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में कदमा थाना क्षेत्र में दो छिनताई की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शुक्रवार को कदमा-सोनारी लिंक रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रहे फुटबॉल खिलाड़ी रामदेव से हथियार के बल पर सोने की चेन लूट ली गई। वहीं शनिवार को फार्म एरिया रोड नंबर 10 पर बाइक सवार बदमाशों ने महिला सुधा राव से मंगलसूत्र और सोने की चेन (कीमत करीब 4 लाख) छीनकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं ने पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद पुलिस सक्रिय नहीं है और हर बार नशेड़ियों पर ठीकरा फोड़ देती है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्षेत्र में नशे का कारोबार किसके इशारे पर चल रहा है।
लगातार घटनाओं से गुस्साए लोग अब पुलिस से त्वरित कार्रवाई और खुलासा की मांग कर रहे हैं।

