जामताड़ा में आदि सेवा पर्व को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आयोजित आदि सेवा पर्व की तैयारियों पर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्देश दिया गया कि आदिवासी बाहुल्य गांवों में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले पर्व के दौरान ग्राम स्तर पर विशेष ग्रामसभा एवं विभिन्न गतिविधियां संपन्न कराई जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड विकास पदाधिकारी और नोडल पदाधिकारी विलेज एक्शन प्लान (Village Vision) तैयार करने में तेजी लाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी आवश्यक कागजात और फोटोग्राफ सहित आज ही एनआईसी केंद्र में उपस्थित होकर कम से कम 10 गांवों का विलेज विजन तैयार कराएं। साथ ही चिन्हित गांवों में 30 सितम्बर तक दीवार लेखन के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
आदि कर्मयोगी अभियान की अवधि में आयोजित सभी बैठकों, कार्यशालाओं, दीवार लेखन, योजनाओं जैसे आधार, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान, जनधन योजना आदि की प्रविष्टि प्रतिदिन पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया। 2 अक्टूबर को सभी गांवों में विशेष ग्रामसभा आयोजित करने की बात कही गई।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

